सीएम नीतीश कुमार के कारकेड पर हुए पथराव मामले में अब तक कुल 13 गिरफ्तारियां हुई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर गिरफ्तारियां कर रही है। इसके लिए लगातार छापेमारी हो रही है। अभी कई लोग पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, उन लोगों को भी पहचान करने एवं गिरफ्तार करने की कार्रवाई चल रही है।
ग्रामीणों ने किया था पथराव
दरअसल, एक युवक की हत्या के बाद नाराज लोग पटना-गया मेन रोड पर सोहगी मोड़ के पास शव रख कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच सीएम का कारकेड वहां से गुजरने लगा। तो नाराज ग्रामीणों ने काफिले पर ही हमला कर दिया। इससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गये। हालांकि कारकेड में सीएम नहीं थे लेकिन इसे भी बड़ी चूक मानते हुए पुलिस प्रशासन के कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन भी सख्त
इस मामले में पटना के ज़िलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने जांच के लिए टीम गठित की है। इस टीम में अपर ज़िला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था और पुलिस उपाधीक्षक शामिल हैं। 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश डीएम ने दिया है। लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारीयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




















