झारखंड में हीटवेव से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसकी चपेट में आकर पिछले 24 घंटे में 26 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा राज्य के पलामू जिले में 8 लोगों ने दम तोड़ा है। जमशेदपुर में 3, गढ़वा में 2, हजारीबाग में 3, सरायकेला खरसांवा में 4 और चाइबासा में 6 लोगों की मौत होने की खबर है।
26 मृतकों में एक यूपी के कानपुर और एक सीतापुर का रहने वाला था। राज्य में पिछले 48 घंटे में 42 लोगों की मौत हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। राज्य के गढ़वा में शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री दर्ज किया गया था।
पलामू के हैदरनगर प्रखंड में 5 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में सिंघना गांव निवासी 65 साल के अतिदया देवी और 55 साल के नंदेव रजवार, करीमनडीह गांव निवासी 58 साल के महेश राम और 62 साल के शैलू बीबी शामिल हैं।
वहीं, रांची में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण पारा 42 डिग्री के पार चला गया है और यहां गर्मी बढ़ने के साथ हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है। रांची में लोग हीट स्ट्रोक या हीट रिलेटेड इलनेस का शिकार हो रहे हैं। रांची के रिम्स व सदर अस्पताल में रोजाना इलाज के लिए 100 से अधिक हीट स्ट्रोक रोगियों का इलाज किया जा रहा है।




















