JAMSHEDPUR : जमशेदपुर सीताराम डेरा थाना पर पथराव और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। देर रात एसएसपी प्रभात कुमार, धालभूम के एसडीओ पीयूष सीना ने पूरे दलबल के साथ सीतारामडेरा उरांव बस्ती में पैदल मार्च किया। इस दौरान एसएसपी ने बस्ती के कई घरों में छापामारी की। पुलिस बल ने कई घरों के लोगों को देर रात जगाया और उनके घर की तलाशी ली। कुछ घरों में पुलिस ने देसी शराब की बोतल व अन्य चीजें भी बरामद किया। जिसे उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है। शराब भट्टी के अलावा सड़क पर खड़ी गाड़ियों की जांच भी एसएसपी ने की बारी बारी से कराई। जिस घर के सामने गाड़ियां खड़ी थी, उस घर से लोगों को बुलाकर चाबी ली। जांच के बाद घर के लोगों को गाड़ियां वापस नहीं दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की गाड़ी को जब्त कर पुलिस लाइन भेज दिया। छापामारी के दौरान सड़क से गुजरने वाले या बस्ती में घूमने वाले लोगों की भी जांच पड़ताल की गई।
क्या है पूरा मामला
सीतारामडेरा थाना का घेराव करने पहुंचे उरांव बस्ती के लोगों ने रविवार की देर रात पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए है। इसके बाद पुलिस ने बस्ती के लोगों पर लाठी चार्ज शुरू कर दिया। बस्ती के लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जिससे कि बस्ती के कुछ लोगों के भी घायल होने की सूचना है। बता दें कि उरांव बस्ती के लोगों ने सीतारामडेरा थाना प्रभारी भूषण कुमार पर बस्ती की महिलाओं के साथ घर में घुसकर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया था। इसके बाद रविवार की रात थाना का घेराव करने पहुंचे थे। बिरसा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनकर कश्यप के नेतृत्व में लोगों ने थाना का घेराव किया। पुलिस ने दिनकर और लोगों को समझाने की कोशिश की तो लोगों ने पुलिस के साथ बकझक शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने दिनकर को हिरासत में ले लिया। दिनकर कश्यप को हिरासत में लेने के बाद बस्ती के लोग उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।




















