बिहार के सिवान में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी से हड़कंप मच गया। घटना मलमलिया थाना क्षेत्र के कौड़िया पुल के पास की है, जहां अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए जिनमें से 3 की मौत हो गई है, जबकि अन्य 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। विधि व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सिवान में 6 लोगों को मारी गोली! 3 की मौक़ा ए वारदात पर मौत! अचेत मुख्यमंत्री की अगुवाई में विधि व्यवस्था ध्वस्त!
घटना के बारे में बताया जाता है कि बाबा चिमनी मालिक का विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आज कुछ लोग कौड़िया पुल के पास खड़े थे। तभी अचानक बाइक सवार अज्ञात अपराधी हथियारों से लैस होकर आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान भगदड़ मच गई और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। हमले में 6 लोगों को गोली लगी, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। सिवान सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी 3 घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
चुनाव आयोग से मिलकर खूब गुस्से में तेजस्वी यादव.. बोले- 4-5 करोड़ बिहारियों के लिए आप क्या करेंगे?
घटना की सूचना मिलते ही मलमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भगवानपुर थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने कहा कि आपसी वर्चस्व को लेकर के दो पक्ष में गोलीबारी हुई है जिसमें तीन लोग लोगों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान मुन्ना सिंह, कन्हैया कुमार और रोहित कुमार के रूप में की गई है।