बिहार में राजनीतिक बयानबाजी खूब तेज है। आए दिन नेताओं के नए-नए बायन सामने आते रहते हैं। आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का एक बयान सामने आया है। जिसमें राजद सुप्रीमो लालू यादव और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते दिखे। सम्राट चौधरी ने लालू यादव पर आरोप लगाया कि वो कांग्रेस पार्टी के नेताओं के चरण वंदना कर रहे हैं क्योंकि अपने बेटे को बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहते हैं। वहीं नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उनपर तुष्टिकरण का आरोप लगाया।
कांग्रेस की चरण वंदना कर रहे लालू
दरअसल, सम्राट चौधरी आज बक्सर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहाँ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लालू जी को जेल भेजा। यहां तक कि उस ऑर्डिनेंस को फाड़ दिया जिससे उन्हें फायदा होता। यह कांग्रेस की देन है कि लालू यादव आज मुखिया भी नहीं बन सकते। फिर भी वह कांग्रेस पार्टी के नेताओं के चरण वंदना कर रहे हैं क्योंकि अपने बेटे को बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहते हैं। सम्राट चौधरी ने पुरानी बातें याद दिलवाते हुए कहा कि 90 के दौर में लालू जी कहते थे कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा। तो आज तेजस्वी यादव को सीएम बनाने के लिए इतनी मेहनत क्यों कर रहे हैं।
नीतीश के पास वोट बैंक नहीं
सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने धर्म की छुट्टियां रद्द कर हिंदू जनता के साथ अच्छा नहीं किया। लालू प्रसाद यादव भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के पास कोई वोट बैंक नहीं बचा है। अब उन्हें विशेष आराम की जरूरत है क्योंकि राज काज उनसे चल नहीं रहा है। लालू जी के पास कुछ वोट है तो अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। लेकिन जनता उनके मनसूबे को कामयाब नहीं होने देगी।