[Team Insider] झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी रहे आरपीएन सिंह ‘हाथ’ का साथ छोड़, ‘कमल’ थामने के बाद राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है। तो वहीं कांग्रेस के विधायक अंबा प्रसाद के ट्वीट ने भी सबको हैरान कर दिया है। क्योंकि विधायक अंबा के द्वारा आरपीएन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए ट्वीट किया गया है।
सरकार को अपदस्थ कराने की कर रहे थे कोशिश
दरअसल कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने आरपीएन सिंह के भाजपा का दामन थामने के बाद मंगलवार को ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘पिछले एक साल से बीजेपी के साथ सांठ-गांठ कर आरपीएन सिंह जी झारखंड की कांग्रेस-जेएमएम सरकार को अपदस्थ कराने की कोशिश कर रहे थे। पार्टी नेतृत्व को लगातार इस बारे में आगाह भी किया गया था। इनके बीजेपी में जाने से झारखंड का हर सच्चा कांग्रेसी खुश है।’
विधायकों को पहले से था अंदेशा
ऐसे में देखा जाए तो आरपीएन सिंह के भाजपा में जाने की बात लगभग पार्टी के सभी लोगों को पहले से ही पता चल गया था। हालांकि किसी ने मुंह नहीं खोला, लेकिन अब वह खुलकर अपनी बातों को रख रहे हैं। ऐसे में यह भी साफ हो गया है कि आरपीएन सिंह के भाजपा का दामन थामने से झारखंड कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।