झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर लगातार उथल-पुथल देखने को मिल रहा है। इस बीच एक बड़ी खबर ये आ रही है कि जेएमएम में झारखंड पीपुल्स पार्टी का विलय होने वाला है। यह चर्चा झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा के बायन के बाद से आने लगी है। उन्होंने कहा है कि जेएमएम को बचाने के लिए हमलोग अपनी पार्टी का विलय कर सकते है।
मिली जानकारी के अनुसार, हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद से जेएमएम के पास ढंग के प्रतिनिधित्व नहीं है जो पार्टी को लोकसभा चुनाव में सम्मानजनक सीटें जीत दिला सकें। हालांकि कल्पना सोरेन को नया चेहरा बता पार्टी जनता को साधने में लगी हुई है, लेकिन झारखंड की राजनीति में इसका कोई खास प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा। इस बीच झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा ने जेएमएम को एक नई आस और उर्जा दी है।
दरअसल, शुक्रवार को झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह ने दुमका परिसदन में कहा कि झामुमो को बचाने के लिए वह अपनी पार्टी का विलय जेएमएम में कर सकते हैं। इसके साथ ही सूर्य सिंह ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि ऐसा करने के पीछे उनका ना तो कोई राजनीतिक फायदा है और ना ही कोई स्वार्थ। उनकी बस एक ही मंशा है कि वर्तमान समय में नेतृत्व विहीन हो चुकी जेएमएम पार्टी के अस्तित्व को बरकरार रखना। ऐसा इसलिए क्योंकि जब क्षेत्रीय दल बचेगी तो ही यहां की माटी बच पाएगी।