भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची बुधवार, 13 मार्च को जारी कर दी है। इसमें 11 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 72 सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा की गई है। दिल्ली की दोनों बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो गई। जबकि अन्य पांच सीटों पर पहले ही भाजपा ने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।
भाजपा की इस दूसरी लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं। इनमें हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर करनाल से उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई कर्नाटक के हावेरी सीट और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी धारवाड़ से उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। जबकि तेजस्वी सूर्या बेंगलुरु साउथ से ही उम्मीदवार होंगे।
महाराष्ट्र से नितिन गडकरी के नाम की भी घोषणा हो गई है। वे एक बार फिर नागपुर से उम्मीदवार होंगे। जबकि महाराष्ट्र सरकार की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे बीड लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार होंगी। उत्तराखंड में दो सीटों की घोषणा हुई है। इसमें गढवाल से अनिल बलूनी और हरिद्वार से पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार होंगे।