भाजपा ने रविवार, 24 मार्च को लोकसभा उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी कर दी। इसमें बिहार की 17 सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा हुई है। इसमें कई चौंकाने वाले निर्णय भाजपा ने लिए है। बिहार में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण दोनों सीटों पर उम्मीदवारों को रिपीट किया गया है। जबकि पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद ही उम्मीदवार बनाए गए हैं।
बिहार से BJP ने तीन सांसदों को किया बेटिकट
बिहार में भाजपा को 17 सीटों पर चुनाव लड़ना है। इसमें भाजपा ने कुछ नेताओं को रिपीट किया है। लेकिन कई का नाम कट गया है। जिनका टिकट कटा है उनमें बड़ा नाम अश्विनी चौबे का है। अश्विनी चौबे दो बार बक्सर से सांसद रहे हैं। लेकिन इस बार पार्टी ने उनका टिकट काट दिया है। उनके जगह पर गोपालगंज की बैकुंठपुर से पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी को टिकट दिया गया है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद और सासाराम से छेदी पासवान का टिकट भी कट गया है। अजय निषाद के जगह पर राजभूषण निषाद को टिकट दिया गया है। जबकि छेदी पासवान की जगह शिवेश राम को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।
बिहार में BJP ने 13 सांसदों को किया रिपीट
बिहार में पाटलिपुत्र से रामकृपाल यादव, सारण से राजीव प्रताप रुडी, महाराजगंज से जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मधुबनी से अशोक कुमार यादव, अररिया से प्रदीप कुमार सिंह, उजियारपुर से नित्यानंद राय, दरभंगा से गोपालजी ठाकुर, बेगूसराय से गिरिराज सिंह, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, आरा से आरके सिंह, पश्चिम चंपारण से संजय जायसवाल, पूर्वी चंपारण से राधामोहन सिंह और औरंगाबाद से सुशील सिंह का टिकट बरकरार है।
पहले फेज में औरंगाबाद सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद सुशील कुमार सिंह को एक बार फिर टिकट दिया है। जबकि नवादा सीट पर विवेक ठाकुर को मौका दिया है। बिहार में पहले फेज की चार सीटों में से दो बार भाजपा को उम्मीदवार देना था। इस लिस्ट में सभी नाम आ गए।
111 उम्मीदवारों की पांचवी सूची, कंगना-गोविल भी प्रत्याशी
भाजपा ने लोकसभा प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट में 111 सीटों पर तस्वीर साफ कर दी। कई बड़े नाम इस सूची में शामिल हैं। इसमें हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से कंगना रनौत, यूपी के मेरठ से अरुण गोविल, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कांग्रेस से आज ही भाजपा में शामिल हुए नवीन जिंदल को प्रत्याशी बनाया गया है। गाजियाबाद से जनरल वीके सिंह रिपीट नहीं हुए हैं। जनरल की जगह विधायक अतुल गर्ग गाजियाबाद से प्रत्याशी होंगे। जबकि पुरी से हार के बाद भी संबित पात्रा को एक बार फिर टिकट दिया गया है। झारखंड के दुमका से सीता सोरेन भाजपा की उम्मीदवार बनाई गईं हैं।
वरुण बेटिकट, मेनका गांधी रिपीट
वहीं यूपी में पीलीभीत से वरुण गांधी बेटिकट हो गए हैं। लेकिन उनकी मां मेनका गांधी सुलतानपुर से उम्मीदवार बनाई गईं हैं। पीलीभीत से जितिन प्रसाद उम्मीदवार होंगे। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्या की बेटी भी बेटिकट हो गई हैं। बदायूं से दुर्विजय शाक्य को टिकट दिया गया है।