चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) पार्टी बनाकर 2025 के विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उनके अभियान में राजद और जदयू के कई नेता शामिल हो रहे हैं। आज प्रशांत किशोर की उपस्थिति में कर्पूरी ठाकुर की पोती डॉ जागृति, बक्सर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी आनंद मिश्रा और पूर्व राजद विधान पार्षद रामबली सिंह चंद्रवंशी जन सुराज में शामिल हो गए हैं।
‘तेजस्वी यादव हनीमून मना रहे हैं, इनके विधायक विधानसभा में झुनझुना बजा रहे हैं…’
जन सुराज अभियान का कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशांत किशोर की इस सक्रियता से दूसरे राजनीतिक दलों को बड़ा झटका लग सकता है। आज पटना के ज्ञान भवन में जन सुराज अभियान की एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर की उपस्थिति में तीन बड़े नाम जन सुराज में शामिल हुए।
पहला नाम – भारत रत्न और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की पोती डॉ जागृति ने प्रशांत किशोर की उपस्थिति में जन सुराज की सदस्यता ली और इस अभियान को अपना समर्थन दिया। जागृति ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश में रह रही थी। बिहार की हालत को देखकर चिंतित रहती थी और अब अभियान के साथ जुड़कर बिहार के लिए सक्रिय होकर काम करूंगी।
दूसरा नाम – 2024 लोकसभा चुनाव में बक्सर से निर्दलीय प्रत्याशी आनंद मिश्रा ने जन सुराज की सदस्यता ली और इस अभियान को अपना समर्थन दिया। उन्होंने प्रशांत किशोर के प्रयासों की तारीफ की। कहा कि पहले मैं लड़ाई अकेले लड़ रहा था. लेकिन अब जनसुरज अभियान से जुड़ गया हूं। प्रशांत किशोर जी के साथ जुड़कर मैं मजबूती से लड़ाई लड़ सकूंगा और बिहार के हक में कुछ करने की मेरी इच्छा पूरी हो सकेगी।
तीसरा नाम – प्रोफेसर रामबली सिंह चंद्रवंशी ने भी प्रशांत किशोर से प्रभावित होकर जन सुराज की सदस्यता ली और इसके सोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार में जन सुराज के माध्यम से परिवर्तन लाया जा सकता है। रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार को बदलने के लिए प्रशांत किशोर आगे आए हैं। हम लोग मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। मजबूत इरादे और इच्छा शक्ति से हम बिहार को बदल सकते हैं।