बाहुबली विधायक अनंत सिंह रिहाई के बाद से लगातार लोगों से मिल रहे हैं। अलग-अलग गांवों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को पूरे दिन लगभग 55 गांवों में अनंत सिंह घूमे। यात्रा के दौरान ही उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान अनंत सिंह ने कहा कि आरसीपी सिंह और लिपी सिंह ने साजिश रचकर मुझे फंसाया है। वे उनके खिलाफ केंद्र सरकार और राज्य सरकार से शिकायत करेंगे।
वहीं, लालू यादव और तेजस्वी पर भी उन्होंने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लालू की पार्टी में गया तो उन्होंने मेरे लिए क्या किया? हम फंसे तो उनकी पार्टी की तरफ से किसी ने कुछ कहा क्या? हम उसी दौरान कह दिए थे कि एक दिन इसका बदला लेंगे। समय मिला तो जरूर बदला लेंगे। हमने बदला लिया।
बाहुबली नेता़ अनंत सिंह लगभग 5 साल बाद जेल से बाहर आ गए हैं। एके-47 और बुलेट प्रुफ जैकेट रखने के मामले में हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है। विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले अनंत सिंह की रिहाई कई लिहाज से अहम मानी जा रही है।
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का जदयू खेमे में जाने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि बाहुबली की रिहाई का सीधा लाभ सत्ताधारी पार्टी जदयू को मिल सकता है। बिहार में 2.86% भूमिहार हैं। अनंत के जेल जाने से भूमिहारों का एक बड़ा वर्ग पिछले कुछ सालों से नीतीश कुमार से नाराज चल रहा था। अब इनकी रिहाई के बाद ऐसी संभावना जताई जा रही है कि उसकी भरपाई हो सकती है। हालांकि, अनंत सिंह किसके साथ हैं, अभी इसका पत्ता खुलना बाकी है।