रांची: रांची में हुई लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पार्टी के कार्यकारीणी बैठक में सर्वसम्मती से केंद्रीय मंत्री और हाजीपुर के सांसद चिराग पासवान को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान पार्टी ने चिराग पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हे चिराग के कुशल नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। पार्टी उनके मार्गदर्शन में एक नई ऊंचाई हासिल करेगी। अपने कार्यकर्ताओं और पार्टी के सदस्यों उत्साह को देखकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि वो पद्म विभूषण रामविलास पासवान के सपनों की पार्टी बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। इसके साथ ही लोजपा आर की झारखंड चुनाव को लेकर रणनीति तय की गयी। इस सम्मेलन के दौरान लोजपा आर ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी और झारखंड की 28 विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी की। वहीं अपने पार्टी के लोगो को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। हमलोग एनडीए का हिस्सा हैं। झारखंड में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे। ‘सबका साथ, सबका विकास’ को लेकर हम लोग आगे बढ़ रहे हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि आने वाले समय में लोजपा-आर झारखंड में कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। चिराग पासवान ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार झारखंड में एनडीए की सरकार बनेगी। एनडीए के नेतृत्व में विकसित झारखंड बनेगा। हेमंत सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है। लोग अब बदलाव चाहते हैं। बताते चलें कि झारखंड की 81 निर्वाचन सीटों में पहले ही जदयू ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। वहीं अब 28 सीटों पर लोजपा आर की दावेदारी की है। इसके अलावा अब तक सीटों के बंटवारे में आजसू की भागीदारी सामने नहीं आई है। ऐसे में बीजेपी इस विधानसभा चुनाव में अपनी कुछ सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ सकती है।