तोपचांची: जयराम महतो ने अपनी ही पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष (अल्पसंख्यक मोर्चा) अकील अख्तर को उनके पद से विमुक्त कर दिया। अकील अख्तर पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के तिलैया चौक के समीप बालू लदे ट्रक व ट्रैक्टरों से वसूली करने का आरोप है। इसे लेकर जेबीकेएसएस (JBKSS) के अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो ने अकील अख्तर उर्फ रिजवान को पद से हटा दिया है। जयराम महतो ने पत्र जारी कर इस बात की जानकारी दी।
जारी पत्र में लिखा है कि विभिन्न अखबारों के जरिये अकील अख्तर उर्फ रिजवान के कृत्य की जानकारी पर पार्टी ने संज्ञान लिया है। इस मामले की पुष्टि (जांच) के लिए 7 सदस्य टीम का गठन किया है। गठित टीम में शक्ति महतो, अखलाक अंसारी, शंकर महतो, राजीव राय, पप्पू पहाड़ी, हरेंद्र रजक और गौतम महतो शामिल हैं। गठित टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी। जब तक जांच होती है, तब तक अकील अख्तर उर्फ रिजवान को जेबीकेएसएस (JBKSS) के अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष के पद से मुक्त किया जाता है। पत्र में लिखा है कि अकील अख्तर की जगह किसको केंद्रीय अध्यक्ष बनाया जायेगा, इसकी जानकारी जयराम महतो पत्र जारी कर देंगे। बतातें चलें कि जयराम महतो की पार्टी का नाम बदलकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) हो गया है।