रांची: रविवार को बजरा खक्सी टोली के जतरा मैदान में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा के अपनी चुनावी घोषणा पत्र में नारी न्याय के तहत महिलाओं को स्वाबलंबी और सशक्त बनाने की पहल की थी। उन्हें साढ़े 8 हजार रूपये प्रति माह देने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने उसी रास्ते पर आगे बढ़ते हुए महिलाओं को सम्मान दिया है। आनेवाले समय में इस राशि में वृद्धि होगी एवं इसकी घोषणा कांग्रेस के मेनिफेस्टो में की जायेगी। वहीं कार्यक्रम में शामिल एसटी, एससी ओबसी एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के संयोजक के. राजू ने कहा कि महिलाओं और युवतियों का सशक्तिकरण कांग्रेस का सबसे पहला संकल्प है और न केवल अभी बल्कि स्वतंत्रता के बाद से ही कांग्रेस ने अपनी इस प्रतिज्ञा को जमीन पर उतारा है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं का आरक्षण भी कांग्रेस की ही देन है।
इसके साथ ही महिलाओं को स्थानीय निकायों में पर्याप्त आरक्षण कांग्रेस ने दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार द्वारा महिलाओं एवं युवतियों को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत दी जा रही एक हज़ार रूपये की सम्मान राशि बहुत महत्वपूर्ण कदम है। यदि महिलाओं ने इस राशि का समुचित उपयोग किया तो वे कुछ अवधि में ही इस स्थिति में हो सकती हैं कि बैंकों से उन्हें लाखों रुपये की राशि ऋण के रूप में प्रदान किया जाये, जिससे महिलाओं में उद्यमिता और उनका सशक्तिकरण तेजी से होगा। इस समारोह में उपस्थित बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी और मूलवासी किसी का भी अधिकार छीनने में यकीन नहीं रखते। लेकिन यदि उनके हक को मारा गया तो वह ऐसा भी नहीं करने देंगे। इसके लिये वे किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। हिमंता बिस्वा सरमा और शिवराज सहित भाजपा के केंद्रीय नेताओं पर निशाना साधते हुए बंधु ने कहा प्रवासी पक्षी की तरह झारखंडी में उतरने वाले भाजपा नेता यहां की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक परंपरा और प्रकृति के प्रति प्यार को ध्वस्त करते हुए अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का प्रयास कर रहे हैं, जो कभी भी सफल नहीं होगा।