बिहार के 26 जिलों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। दक्षिण और उत्तर-पूर्व हिस्सों में भारी बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, प्रदेश के 12 जिले इस समय बाढ़ की चपेट में है। इन 12 जिलों (बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार) के 64 प्रखंडों के करीब 12.67 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं।
इधर भागलपुर में गंगा का कटाव बढ़ गया है। सबौर प्रखंड का मसाडू गांव में तीन घर 10 मिनट में गंगा में समा गए। अब लोगों को डर सता रहा है कि उनके घर भी गंगा में विलीन ना हो जाएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के 50 से अधिक घर बह चुके हैं। आशंका जताई जा रही कि 10 से अधिक घर 24 घंटे में गंगा में विलीन हो जाएंगे। 500 फीट जमीन कट चुकी है।
वहीं, पटना में बाढ़ प्रभावित इलाके में बच्चियां अपनी हाथों से देवी-देवताओं की मूर्तियां बना रही हैं। शायद वह मिट्टी की मूर्तियों के माध्यम से गंगा मैया से बाढ़ की त्रासदी से मुक्ति की मांग रही हैं। बाढ़ में डूबे घर से पानी निकल जाए और सामान्य जीवन-यापन करने लगे। पटना से सटे बिंद टोली की बच्चियों की आंखों में दिख रहा दर्द बहुत कुछ बयां कर रहा था। राहत शिविर में वो अपने घर वापस लौटने की राह देख रही थीं।