बिहार सरकार के पूर्व मंत्री ब्रज किशोर सिंह का बुधवार, 25 सितंबर को निधन हो गया। 94 वर्ष के ब्रजकिशोर सिंह अभी मोतिहारी स्थित गांधी संग्रहालय के सचिव भी थे। महात्मा गांधी द्वारा मधुबन में स्थापित बुनियादी विद्यालय के छात्र रहे ब्रजकिशोर सिंह पुराने गांधीवादियों में से एक रहे हैं।
पूर्वी चंपारण के चैता निवासी ब्रजकिशोर सिंह 1980 से 1985 तक विधायक रहे थे। इसके बाद 1986 में वे बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। इससे पहले 1983 से 1985 तक ब्रजकिशोर सिंह बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री थे।
पिछले कुछ दिनों से बीमार ब्रजकिशोर सिंह अस्पताल में भर्ती थे। उनके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनके पुत्र कांग्रेस नेता सह अधिवक्ता विनय कुमार सिंह ने कहा कि 26 सितंबर को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री एवं गांधीवादी नेता ब्रजकिशोर सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पूर्वी चंपारण जिले के निवासी ब्रजकिशोर सिंह जी ने बिहार सरकार में में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में सराहनीय कार्य किया था। वे गांधी संग्रहालय, मोतिहारी के सचिव तथा गांधी संग्रहालय पटना के कार्यकारिणी के सदस्य थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
वहीं भितिहरवा आश्रम जीवन कौशल ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वर्गीय ब्रजकिशोर सिंह जी सदैव गांधीवादी विचारधारा पर चलते रहे और वे हमेशा अनुकरणीय रहेंगे। पिछले दिनों भितिहरवा आश्रम में उनका आगमन भी हुआ था। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।