भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने पश्चिम बंगाल में बिहारी छात्रों के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना पर भडकते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार में बिहार के बच्चों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार हो रहा है। उन्होंने आज कहा कि यह घटना न केवल पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की विफलता है, बल्कि बाहरी राज्यों के लोगों के प्रति सरकार की दुर्भावना भी दर्शाता है।
पश्चिम बंगाल में बिहार के बच्चों की पिटाई के मामले को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसके लिए ममता बनर्जी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा , “जब राज्य की मुख्यमंत्री कानून और व्यवस्था बनाए रखने में असफल हो जाती हैं, तो इसका सबसे बुरा असर आम जनता पर पड़ता है, खासकर जब वह दूसरे राज्यों से होते हैं। बिहार और बंगाल के बीच सदियों से सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध रहे हैं, लेकिन ममता सरकार ने इस सौहार्द को तोड़ने का काम किया है।”
डॉ. जायसवाल ने मांग करते हुए कहा कि इस घटना की तुरंत निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जरूरत पड़ी तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि “बिहार के बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं, और उनके साथ इस तरह का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
डॉ. जायसवाल ने आगे राजद को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस घटना के बाद राजद में अगर थोड़ी भी नैतिकता शेष बची है तो ममता बनर्जी को इंडी गठबंधन से अलग करे या उससे संपर्क तोड़े, नहीं तो यह माना जाएगा कि इस घटना में राजद की भी स्वीकृति है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था अब किसी से छिपी नहीं रही है। भाजपा किसी भी हिंसा का समर्थन नहीं करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है।