रांची: दुर्गोत्सव के दौरान बारिश मजा किरकिरा कर सकता है। इसका कारण यह है कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल में निम्न दवाब का क्षेत्र बना है। इस निम्न दबाव की वजह से राज्य में एक बार फिर कुछ दिनों से रुकी हुई बारिश की शुरुआत होने का अनुमान है। दुर्गा पूजा के दौरान मौसम का पूर्वानुमान बताते हुए रांची मौसम केंद्र के निदेशक और वरिष्ठ मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि इस निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से झारखंड में कुछ दिनों से रुकी हुई बारिश की फिर से शुरुआत होने का अनुमान जरूर है।
उन्होंने बताया कि राज्य के पूर्वी भाग जिसमें संथाल और कोल्हान के जिले पड़ते हैं, उन इलाको में 05 और 06 अक्टूबर को आसमान में बादल छाने के साथ-साथ गर्जन वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दवाब का क्षेत्र, झारखंड से दूर है लेकिन उससे झारखंड को नमी मिल रही है, इसी नमी के प्रभाव से राज्य में आसमान में बादल बनने की पूरी संभावना है। इसके अलावे मौसम केंद्र, रांची के ताजा अपडेट के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बनें निम्न दवाब क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के पूर्वी भाग के जिलों जिसमें कोल्हान और संथाल प्रमंडल शामिल हैं उनमें 05 और 06 अक्टूबर को हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है, जबकि उससे सटे राज्य के पश्चिमी जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है।
इसके साथ ही मौसम केंद्र, रांची ने 05 और 06 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी और मध्य भाग के जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने खराब मौसम और मेघगर्जन के दौरान पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने, किसानों को मौसम सामान्य होने तक खेत में नहीं जाने, गर्जन के दौरान इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक समान का इस्तेमाल नहीं करने या बेहद सावधानी से करने की सलाह दी है। वही बताया गया कि आसमान में बादल बनने की वजह से अगले दो दिनों तक राज्य में अधिकतम तापमान में 02 से 03℃ की गिरावट होगी।