हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग शुरू हो गई है। रुझान में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। इस चुनाव में 10 ऐसी सीटें हैं, जिन पर सबकी नजर लगी हुई हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा से चुनाव लड़ रहे हैं। वह भाजपा की तरफ से CM फेस हैं। इसी तरह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की गढ़ी सांपला किलोई सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस में वह मुख्यमंत्री की कुर्सी के प्रबल दावेदार हैं। जुलाना से पहलवान विनेश फोगाट चुनाव लड़ रही हैं।
पहले राउंड में सिरसा में गोपाल कांडा पीछे चल रहे थे। अंबाला कैंट में पहले राउंड में अनिल विज पीछे चल रहे थे। वहीं, पहले राउंड में नायब सैनी को 4204 वोट मिले थे। वह कांग्रेस के मेवा सिंह से 732 वोट से आगे चल रहे हैं। दूसरे राउंड में भूपेंद्र सिंह हुड्डा 11099 वोट से आगे चल रहे हैं। जुलाना में विनेश फोगाट पहले राउंड में 214 वोट से आगे चल रही हैं। तोशाम में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की बेटी भाजपा उम्मीदवार श्रुति चौधरी 1042 वोट से आगे चल रही हैं। अटेली में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी भाजपा उम्मीदवार आरती राव 938 वोट से आगे चल रही हैं।
बता दें कि BJP सरकार में CM नायब सैनी करनाल से बदलकर कुरूक्षेत्र की लाडवा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 74.96% मतदान हुआ। 2019 में यहां 75.4% वोटिंग हुई थी। सीएम सैनी की सीट पर 0.44% वोटिंग कम हुई है। 2014 की बात करें तो इस सीट पर 83.1% वोटिंग हुई थी। पिछले 2 चुनाव का ट्रेंड देखें तो यहां जब भी मतदान घटा तो नई पार्टी का उम्मीदवार चुनाव जीता है। इस लिहाज से सीएम सैनी के जीतने के अच्छे आसार नजर आ रहे हैं क्योंकि 2019 में यहां कांग्रेस के मेवा सिंह विधायक थे।