झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री मंईया सम्मान यात्रा दोपहर को लोहरदगा के कुंडु पहुंची, इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन का स्वागत धूमधाम से किया। मंच पर पहुंचते ही विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने बिना नाम लिए बीजेपी पर जोरदार हमला किया और कहा कि ‘झूठे वादे और आधी आबादी को लॉलीपॉप दिखाने वाले झारखंड में घूमने लगे हैं, इनसे बचकर रहना है।’
कल्पना सोरेन ने कहा कि ‘आधी आबादी कही जाने वाली महिलाएं जहां घर संभालती है, वहीं घर से निकलने के बाद वे दुर्गा व काली बनकर दुश्मनों का संहार करती हैं। झारखंड की आधी आबादी जाग चुकी है, आधी आबादी नारी शक्ति बनकर झूठे सपने दिखाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी।’ विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के संबंध में कहा कि ‘महिलाओं को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं।’
अपने 10 मिनट के भाषण में विधायक कल्पना ने राज्य सरकार के द्वारा महिला उत्थान के लिए किए जा रहे उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि ‘महिलाएं मजबूत होगीं तो एक परिवार मजबूत होगा, परिवार मजबूत होगा तो राज्य मजबूत होगा।’ कुंडु में जनसभा के दौरान मंत्री दीपिका पांडे सिंह, बेबी देवी सांसद जोबा मांझी, महुआ माजी, विधायक जिग्गा सुसारण होरो, नेहा शिल्पी तिर्की, सविता महतो सहित झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।