कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 अक्तूबर को रांची पहुंचेंगे। वह राजधानी के शौर्य सभागार में आयोजित संविधान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं, तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) भी कल रांची आएंगे। इसके बाद वे राजद कार्यकर्ताओं संग मुलाकात कर सीट शेयरिंग पर चर्चा करेंगे। दरअसल, इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग के मुद्दे को लेकर 18 अक्तूबर को बैठक होगी। इसी दिन पटना से राजद नेता तेजस्वी यादव रांची पहुंचेंगे। वहीं कांग्रेस के भी कई नेता रहेंगे। वामदल के नेता भी इस बैठक में रहेंगे।
इनकी बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होगी। बताया गया कि इसी दिन सीट शेयरिंग पर फैसला लिया जायेगा। इसके ठीक अगले दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी रांची आयेंगे। बताया गया कि 18 को सीट शेयरिंग पर फैसला लिया जायेगा। फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मंजूरी ली जायेगी। इसके बाद इसे सार्वजनिक किया जायेगा। झामुमो सीट शेयरिंग फाइनल होने के बाद अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगा।
आज जेल से आए 100 दिन पूरे, हेमंत सोरेन ने गिनाई अब तक की उपलब्धि, विपक्ष को बताया झारखंड का लुटेरा
वहीं, राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पासवा के बैनर तले यह कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आये प्रतिनिधि प्रतिष्ठा सिंह, मनोज त्यागी और अनिल जैन की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। बुधवार को कार्यक्रम स्थल का मुआयना करने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता डॉ रामेश्वर उरांव सहित कई नेता शौर्य सभागार पहुंचे।