झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान के पहले से ही कांग्रेस, JMM और BJP जिताऊ प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल अब भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी करने का समय बता दिया है।
सूत्रों के अनुसार झारखंड में बीजेपी तकरीबन आधा दर्जन सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर आखिरी फेज में है, अब पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान चयनित नामों में आंशिक परिवर्तन होना बाकी है। इसके अलावा झारखंड बीजेपी चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होने की डेट भी बता दी है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि ‘अंतिम रूप से प्रत्याशियों के नाम पर विचार किया जा रहा है, शनिवार या रविवार तक पार्टी द्वारा पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।’
इधर पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांके से प्रत्याशी चयन को लेकर फंसा पेंच सुलझा लिया गया है, यहां से अब पूर्व विधायक को टिकट दिया जा सकता है। इससे पहले केंद्रीय चुनाव समिति ने कमलेश राम का नाम तय किया था। इसके अलावा हटिया और रांची सीट पर भी प्रत्याशी का नाम लगभग तय हो गया है। शुक्रवार को बीजेपी आलाकमान के फैसले से रांची विधायक सीपी सिंह को अवगत कराया गया। इसी के साथ कहा जा रहा है कि गांडेय की हाइप्रोफाइल सीट पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नाम पर भी मंथन चल रहा है।