पूर्णिया के सरसी के कचहरीं बलुआ में बीते शुक्रवार को दो डिसमिल जमीन को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों की हत्या कर दी गई थी। समूचे घटनाक्रम से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने रविवार को शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। करीब 6 घंटे तक बवाल हुआ। इस बीच स्टेट हाईवे-77 पर यातायात पूरी तरह से बाधित रही। समझाने गई सरसी पुलिस को परिजनों और ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे पेट्रोल पंप के ऑफिस में बंधक बना कर रखा।
कुछ असामाजिक तत्वों ने पंप ऑफिस में बंद पुलिस ऑफिसर्स पर पत्थर और ईंट बरसाए। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उपद्रवियों ने पेट्रोल पंप के ग्रिल को भी तोड़ने का प्रयास किया, जिसमें वे सफल नहीं हो सके। हालात और बेकाबू होते इससे पहले ही अतिरिक्त पुलिस बल के साथ बनमनखी एसडीपीओ हुलास कुमार मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। सड़क पर उपद्रव कर रहे उपद्रवियों को खदेड़ दिया। साथ ही पुलिस को उनके बंधन से मुक्त कराया। सड़क पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की भीड़ को हटाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी ने पीड़ित के परिजनों को समझा बूझकर शव को दाह संस्कार के लिए तैयार किया।
पुलिस के संरक्षण में फिलहाल शव का दाह संस्कार किया जा रहा है। मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी हुलास कुमार ने बताया कि पीड़ित परिजन असामाजिक तत्वों के बहकावे में आकर हंगामा करने लगे। सड़क पर उतर गए। जबकि, घटना के महज 24 घंटे के अंदर पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों में 5 महिला समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।