जम्मू-कश्मीर के गांदरबल के गगनगीर इलाके में रविवार की रात आतंकी हमले में 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 3 बिहार के रहने वाले थे। बिहार के सेफ्टी मैनेजर फहीमन नासिर, मोहम्मद हनीफ और कलीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, 4 मजदूरों के भी घायल होने की खबर है। उन्हें श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। सभी मजदूर केंद्र सरकार की तरफ से चल रहे सुरंग प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे।
जम्मू कश्मीर के गादरबल में केंद्र सरकार की योजना के तहत एक सुरंग का निर्माण किया जा रहा था। इस दौरान कई मजदूर काम कर रहे थे। निजी ठेका कंपनी के कैंप में मजदूर रहते थे। अचानक दो की संख्या में आए आतंकियों ने इन मजदूरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे दो मजदूरों की मौत मौके पर हो गयी, जबकि अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया।
बीते दिनों बिहार के बांका निवासी एक मजदूर की हत्या आतंकियों ने गोली मारकर कर दी थी। आतंकियों ने उसे जासूस समझकर मौत के घाट उतार दिया था। मृतक अशोक चौहान मकई की खेती अनंतनाग जिले में रहकर करता था। आतंकियों ने उसे खेत से बुलाकर गोली मार दी थी। अशोक का शव जम्मू कश्मीर प्रशासन ने बांका स्थित उसके पैतृक गांव पहुंचवाया था। इस घटना के बाद लगातार यह दूसरी घटना है।