बिहार के कई जिलों में साइक्लोन ‘दाना’ का असर दिखने लगा है। दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट के बाद मुंगेर में 25 अक्टूबर को यानी की आज गंगा में नाव चलाने पर रोक लगाई गई है। बिहार आपदा प्रबंधन ने सभी जिलों के CO को लेटर जारी किया है।
वहीं, नालंदा में भी बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोन का असर देखा जा रहा है। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इधर, सुपौल में बुधवार रात से हो रही बारिश के बाद फसलों को नुकसान पहुंचा है। भागलपुर, पूर्णिया में भी तेज बारिश शुरू हो गई है।
बता दें कि, साइक्लोन ‘दाना’ 24 अक्टूबर की रात ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट से टकराया। इसका असर बिहार के 13 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद, लखीसराय, नवादा, गया, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज में दिख रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, समुद्री तूफान की वजह से प्रदेश के कई जिलों में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। पूर्वी और दक्षिण बिहार के 20 जिलों में आज बारिश की संभावना है।