भारत-जापान मैत्री के प्रतीक और बौद्ध धर्म के महत्वपूर्ण केंद्र, राजगीर स्थित विश्व शांति स्तूप का आज 55वां वार्षिकोत्सव है। इस मौके पर भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
रत्नागिरी पहाड़ी की चोटी पर स्थित यह स्तूप न केवल बौद्ध धर्म के शांति, अहिंसा और करुणा के संदेश का वाहक है। बल्कि भारत-जापान के सांस्कृतिक संबंधों का भी एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। समारोह में जापान, थाईलैंड, म्यांमार सहित कई एशियाई देशों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।
जापानी बौद्ध मंदिर के मुख्य भिक्षु टी ओकोनेगी ने बताया कि ‘इस अवसर के लिए स्तूप की विशेष सज्जा की गई है। स्तूप को नए सिरे से सफेद रंग से रंगा गया है। परिसर में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया है। कार्यक्रम में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम रोपवे के पास नवनिर्मित इंटीग्रेटेड बिल्डिंग का उद्घाटन होगा। समारोह में पर्यटन और उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा, सीजी के.के.बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के अध्यक्ष अत्सुहीरो होरिउची और CEO केंसूके होरिउची भी उपस्थित रहेंगे।