रांची: जमशेदपुर के साकची में स्थित बोधि मैदान में झारखंड के चुनाव प्रभारी सह असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने ईंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। नामांकन समारोह में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए हिमंता ने कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार बननी तय है। कैबिनेट की पहली बैठक में ही हुसैनाबाद के नाम को मां गंगा में विसर्जित कर दिया जाएगा। यहां किसी भी शहर और जिले के नाम मुगल शासकों के नाम पर नहीं होंगे। मुगल शासकों से जुड़े नाम बदले जाएंगे। इसके साथ ही घुसपैठ के मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए हिमंता ने कहा कि देश के हर कोने में जहां बाबर बसे हैं, उन्हें ढूंढ-ढूंढ कर लात मार कर देश से भगाया जाएगा। इसके बाद चुनाव प्रभारी ने झारखंड में रोहिंग्या बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर हेमंत सरकार और कांग्रेस राजद पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ का कारण सरकार की तुष्टिकरण की नीति है। अपने वोट बैंक के रूप में हेमंत सरकार इन बांग्लादेशी घुसपैठ को देखती है और इस लिए इसपर कोई कार्रवाई नहीं होने दी जाती है। हिमंता ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन व बन्ना गुप्ता की सरकार ने घुसपैठियों को यहां से भगाने के लिए कुछ नहीं किया। हमारी सरकार बनेगी तो हम घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकालेंगे। इसके बाद उन्होंनें कहा कि झामुमो और कांग्रेस को एक विशेष वर्ग का वोट चाहिए। अब समय आ गया है इनसे छुटकारा दिलाने पाने का। इसके लिए हमें काम करना होगा। झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों की सरकार बनेगी तभी यह संभव है। झारखंड में वर्तमान में घुसपैठियों, माफिया व दलालों की सरकार चल रही है। तुष्टिकरण की राजनीति के लिए JMM की सरकार ने केवल घुसपैठियों और अतिक्रमणकारियों के हित में काम किया है। वोट के तुष्टिकरण के लिए घुसपैठियों को बुलाया जाता है।
पूरे सरकार में घुसपैठिए घुस चुके हैं। झारखंड में जो हेमंत सोरेन की सरकार चलाती है, ये लोग घुसपैठियों को हटाने का काम नही करते हैं। जिस तरह अयोध्या में जैसे हमने बाबर को हिलाकर राम मंदिर बनाने का काम किया है। ऐसे ही देश के कोने-कोने में जो बाबर बसे हुए हैं, इनको लात मार-मारकर निकालने का समय आ गया है। आज जमशेदपुर पश्चिम में क्या हो रहा है। धीरे-धीरे जमशेदपुर की डेमोग्रेफी में परिवर्तन हो रहा है। जेएमएम और कांग्रेस की ताकत क्या है? आपका वोट उनको नहीं चाहिए, उनको एक विशेष वर्ग का वोट चाहिए। इसीलिए ये लोग आपका काम नहीं करते हैं।”बता दें हिमंत बिस्वा सरमा ने बीजेपी उम्मीदवार मीरा मुंडा (पोटका निर्वाचन क्षेत्र) और पूर्णिमा दास साहू (जमशेदपुर पूर्व), जेडी(यू) उम्मीदवार सरयू रॉय (जमशेदपुर पश्चिम) और आजसू पार्टी के रामचंद्र साहिश (जुगसलाई) के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए, हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और खनिजों के दोहन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैंने कई राज्यों का दौरा किया है और उनकी सरकारों को देखा है, लेकिन झारखंड की स्थिति, जिसमें लगातार प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं, चिंताजनक है। उन्होंने झारखंड सरकार पर जरूरी सेवाएं देने में फेल रहने का आरोप लगाया और कहा कि मौजूदा प्रशासन आम लोगों की सेवा करने के बजाय घुसपैठियों, माफिया और दलालों द्वारा चलाया जा रहा है।
उन्होंने आशान्वित होकर कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो वह हिंदुओं, आदिवासियों और गरीबों का प्रतिनिधित्व करने वाली सरकार बनाएगी। वहीं हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को झारखंड का बंटी और बबली बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान एक दूजे के लिए फिल्म की शूटिंग चल रही है। आगे उन्होंने बीजेपी के घोषणा पत्र और संकल्पों को दोहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही बालू फ्री कर दिया जाएगा। हेमंत सरकार ने बालू के साथ जो हाल किया है वह किसी से छुपा नहीं है। लोग आवास नहीं बना पा रहे हैं। चोरी-छिपे बालू मंगाया जा रहा है। अपनी बालू का इस्तेमाल यहां के लोग नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने माताओं-बहनों से मंइयां सम्मान योजना के झांसे में न आने की अपील की। कहा, राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार में सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार हुए है। असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हमारी सरकार बनेगी तो गोगो दीदी योजना के तहत माताओं-बहनों को 2100 रुपये देने की योजना को कैबिनेट की पहली बैठक में पारित किया जाएगा।