झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए JMM ने अपनी 5वीं लिस्ट जारी करते हुए लुईस मरांडी को उम्मीदवार बनाया है। दरअसल लुईस मरांडी हाल ही में भारतीय जनता पार्टी से झारखंड मुक्ति मोर्चा में आई हैं, पार्टी ने उन्हें जामा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। बता दें कि यह वही जामा विधानसभा सीट है, जहां से सीता सोरेन विधायक हुआ करती थी।
लुईस मरांडी झारखंड की पूर्व मंत्री रही हैं, वे प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष समेत कई पदों पर रही हैं। इस बार पार्टी ने दुमका सीट से उनका टिकट नहीं दिया, इसी से नाराज होकर उन्होंने बीजेपी छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया। अब JMM ने उन्हें जामा विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है, बीजेपी छोड़ने के बाद उन्होंने पार्टी पर कई आरोप लगाते हुए कहा कि ‘निष्ठावान पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार दरकिनार किया जा रहा है, उपेक्षित रखा जा रहा है।’
बता दें कि जामा (एसटी) विधानसभा झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का गढ़ माना जाता है, यहां से JMM सुप्रीमो शिबू सोरेन और उनके पुत्र दुर्गा सोरेन विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा पिछले 3 विधानसभा चुनावों में यहां से शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन विधायक चुनीं गईं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव 2024 के पहले सीता सोरेन ने JMM छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा था, इसी के बाद से पार्टी इस सीट से किसी दमदार केंडिडेट की तलाश में थी।