रांची: कांग्रेस नेता और मंत्री इरफान अंसारी द्वारा भाजपा नेता सीता सोरेन पर की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह और रांची महानगर अध्यक्ष पायल सोनी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने इरफान अंसारी के आवास का घेराव कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने इरफान अंसारी के बयान को न केवल सीता सोरेन का, बल्कि सम्पूर्ण झारखंड की मां-बहनों का अपमान करार दिया और उनके इस्तीफे की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि अंसारी ने शुक्रवार को सीता सोरेन को ” रिजेक्टेड माल” कहकर न केवल एक महिला नेता का, बल्कि राज्य की समस्त मां-बहनों की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मईंया सम्मान की बात करते हैं, लेकिन उनकी सरकार का मंत्री एक सम्मानित महिला नेत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करता है, और हेमंत सोरेन के मुंह से एक शब्द भी नहीं निकलता। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में महिलाओं का अपमान कोई नई बात नहीं है, लेकिन अपने ही परिवार की सदस्य सीता सोरेन जी पर की गई बेशर्म टिप्पणी पर उनका मौन शर्मनाक है। यह दर्शाता है कि जिनके पास अपने परिवार की महिलाओं के सम्मान की रक्षा का साहस नहीं है, वे राज्य की महिलाओं के हितों की सुरक्षा कैसे करेंगे? आरती सिंह ने कहा कि इस घटना से स्पष्ट हो गया है कि सरकार की प्राथमिकता केवल सत्ता बचाने तक सीमित है, महिलाओं के सम्मान और कल्याण से नहीं। उन्होंने आगे कहा, हेमंत सरकार की चुप्पी ने पूरे राज्य की महिलाओं का मनोबल गिराया है। लेकिन झारखंड की महिलाएं इस चुनाव में हर अपमान का जवाब देंगी और गठबंधन सरकार को सत्ता से बाहर करेंगी।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी की और उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग की। रांची जिला महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष पायल सोनी ने कहा, हम कांग्रेस से स्पष्ट रुख की मांग करते हैं। कांग्रेस को इरफान अंसारी जैसे लोगों का टिकट रद्द करना चाहिए और पार्टी को माफी मांगनी चाहिए। इरफान अंसारी के विवादित बयान को लेकर राज्यभर में विरोध बढ़ता जा रहा है। भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि महिलाओं का यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि इरफान अंसारी को उनके पद से नहीं हटाया जाता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मामले पर जवाब नहीं देते।
बताते चलें कि राजधानी रांची में जोरदार बारिश के बीच महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, प्रदेश महामंत्री सुश्री रेनू तिर्की, कोषाध्यक्ष लवली गुप्ता, मंत्री सुचिता सिंह, मंत्री नीलम चौधरी, प्रदेश कार्य समिति की सदस्य सीमा शर्मा, रांची जिला अध्यक्ष पायल सोनी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष नेहा सिंह, नेहा शर्मा, ज्योति सिन्हा, रेनू पासवान, अर्चना सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं। बताते चलें कि कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी के विवादित बयान तूल पकड़ता जा रहा है। इस पर जामाताड़ा थाना में भी एफआइआर दर्ज किया गया है। वहीं इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने राज्य के चीफ सेक्रेट्री, डीजीपी, होम सेक्रेट्री और जामताड़ा एसपी और डीसी से इस मामले की जांच कर तीन दिनों के अंदर रिर्पोट मांगा है। इधर रांची में शनिवार की शाम भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा के सदस्यों ने मंत्री इरफान अंसारी के धुर्वा स्थित आवास पर विरोध प्रदर्शन किया. जामताड़ा से बीजेपी उम्मीदवार सीता सोरेन के खिलाफ विवादित बयान की तीव्र निंदा भी की गई। मौके पर महिला मोर्चा की काफी संख्या में सदस्य मौजूद थीं।