देश की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में 940 नए जवानों की भर्ती हुई। राजगीर स्थित सीआरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित एक भव्य दीक्षांत समारोह में इन जवानों ने देश सेवा की शपथ ली। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा प्रशिक्षु जवानों के परिजन भी उपस्थित रहे। समारोह में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जवानों को विशेष पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।

जानकारी के मुताबिक, 52वें बैच के इन जवानों ने दो वर्षों तक कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इन नव प्रशिक्षित जवानों को देश के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान इन्हें आधुनिक हथियारों के संचालन, आतंकवाद विरोधी रणनीतियों और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। राजगीर प्रशिक्षण केंद्र देश के प्रमुख सीआरपीएफ प्रशिक्षण केंद्रों में से एक है, जहां देश भर से चयनित युवाओं को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जाता है।
5 बार पर सस्पेंड वहीं 20 बार चालान कटने पर ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द, पता करें आप किस कैटेगरी में
समारोह के मुख्य अतिथि आईजी सेक्टर बिहार, एनी अब्राहम ने अपने संबोधन में कहा कि यह गर्व की बात है कि भगवान बुद्ध की धरती पर प्रशिक्षित ये जवान अब देश की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं। आईजी अब्राहम ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी ने जिस अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा किया है, उसी भावना के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। आपको न केवल देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है, बल्कि अपने परिवार और संस्था का नाम रोशन करने का दायित्व भी मिला है।