देवेंद्र फडणवीस आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तैयारी कर रहे हैं। गुरुवार सुबह उन्होंने मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना से अपने दिन की शुरुआत की। शिवसेना यूबीटी संजय राउत ने नई सरकार के गठन पर महायुति को बधाई देने के साथ तंज भी कसा है। राउत ने शपथ से पहले भविष्यवाणी करते हुए कहा कि अब एकनाथ शिंदे कभी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे और आने वाले वक्त में उनकी पार्टी शिवसेना भी टूट जाएगी।
शिवसेना(UBT) नेता संजय राउत ने कहा अब एकनाथ शिंदे का समय खत्म हो गया है, उनकी जरूरत थी वो पूरी हो गई। अब शिंदे इस राज्य (महाराष्ट्र) में कभी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। ये लोग शिंदे की पार्टी भी तोड़ सकते हैं। आज से देवेंद्र फडणवीस राज्य के सीएम होंगे। उनके पास बहुमत होने के बावजूद 15 दिन तक ये सरकार नहीं बना पाए।
इसका मतलब पार्टी के अंदर कुछ गड़बड़ है। कल से ये गड़बड़ आपको दिखेगा। यूबीटीन नेता ने कहा कि शिंदे और अजित पवार देश के हित के लिए काम नहीं करते ये स्वार्थ के लिए एक साथ आए हैं। फिर भी हम मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हैं और आने वाले समय में आप महाराष्ट्र के हित के लिए काम करें।