पटना: नीट (NEET) पेपर लीक कांड के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पटना सिविल कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। इससे पहले कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी, लेकिन अब लोअर कोर्ट ने साफ कर दिया है कि अगर एक महीने के अंदर संजीव ने सरेंडर नहीं किया या उसे गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उसके घर की कुर्की जब्ती की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजीव मुखिया फिलहाल नेपाल में छिपा हो सकता है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) नेपाल पुलिस से संपर्क कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
तीन बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक में संजीव मुखिया का नाम
संजीव मुखिया पर सिपाही बहाली, बीपीएससी शिक्षक बहाली, और नीट यूजी जैसी परीक्षाओं के पेपर लीक करने का गंभीर आरोप है।
- सिपाही भर्ती परीक्षा: 1 अक्टूबर 2023 को हुई इस परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया था।
- शिक्षक भर्ती परीक्षा: 15 मार्च 2024 को हुई थी।
- नीट यूजी परीक्षा: 1 मई 2024 को आयोजित हुई थी।
जांच में यह सामने आया है कि इन सभी परीक्षाओं के पेपर लीक का मुख्य सरगना संजीव मुखिया ही है।
2010 से शुरू हुआ अपराध का सिलसिला
संजीव मुखिया का नाम सबसे पहले 2010 में एक पेपर लीक मामले में सामने आया था। हालांकि, तब वह पुलिस की गिरफ्त से बच गया। 2016 में उत्तराखंड में मेडिकल परीक्षा का पेपर लीक करते हुए उसे पहली बार गिरफ्तार किया गया, लेकिन दो महीने में साक्ष्य के अभाव में उसे जमानत मिल गई।