एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का कारवां आज किशनगंज और अररिया पहुंचा। तीसरे चरण में कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत सीमांचल के किशनगंज से हुई। यहां एनडीए कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा और एनडीए के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने यहां जुटे उत्साहित कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। कार्यकर्ताओं के जोश से उत्साहित उपस्थित प्रदेश अध्यक्षों ने एक स्वर में आगामी विधानसभा में लक्ष्य भेदने की तैयारी करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने किशनगंज के खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम और अररिया के अररिया कॉलेज स्टेडियम में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं को प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कराने का संकल्प दिलाया।
मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव विकास एवं सुशासन के संकल्प का चुनाव है। हर कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा से जुटें, घर-घर पहुंचे, सरकार की उपलब्धियों को बताएं और हर एक मतदाता को प्रेरित करें। हम सबकी मेहनत से एनडीए की जीत निश्चित है।
उन्होंने जोश भरते हुए कहा कि हम न केवल जीतेंगे बल्कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।उन्होंने कहा, “सही अर्थों में कार्यकर्ता चुनाव लड़ते हैं और वही जनसेवी सरकार भी बनाते हैं। यह आमसभा नहीं है। यह उन संघर्षशील कार्यकर्ताओं का जुटान है जो संबंधित पार्टी के विचार के साथ बूथ स्तर पर चुनाव लड़ते हैं। ये कार्यकर्ता रुकते नहीं, थकते नहीं, संघर्ष करते हैं विजय के लिए।” भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ता न केवल जीत का संकल्प लें बल्कि विपक्ष को उखाड़ फेंकने की शपथ लें।
इस एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इधर, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं का यहां जन सैलाब उमड़ा है, उससे साफ है कि आगामी चुनाव को लेकर बिहार के लोगों ने अपना निर्णय ले लिया है।
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां कार्यकर्ताओं की एकता से एनडीए मजबूत हो रहा है, वहीं विपक्षी दलों का गठबंधन बिखरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई लड़ाई को सबने देख लिया है।उन्होंने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि इन्हें बिहार के विकास की चिंता नहीं है। इस गठबंधन में शामिल एक दल के अध्यक्ष अब तो खुलेआम कहने लगे हैं कि हमारे बेटे को मुख्यमंत्री बना दो।
दरअसल इनकी चिंता अपने बेटे को लेकर है।इधर, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि विरोधियों को भ्रम, झूठ और अफवाह पर विश्वास है। अभी से ही राजद भ्रामक प्रचार में जुट गया है। उन्होंने कहा कि राजद के युवराज अभी से ही घोषणा रथ पर सवार होकर घोषणा पर घोषणा किए जा रहे हैं। वे जानते हैं कि जब उनकी सरकार ही बननी नहीं है तो वे कुछ भी घोषणा कर लें।