रांची: कश्मीर के अखनूर में पेट्रोलिंग के दौरान देश की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए कैप्टन करमजीत सिंह बक्शी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। अपने श्रद्धांजलि संदेश में उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। देश की सुरक्षा में शहादत का एक और अध्याय झारखंड के वीर सपूत ने लिख दिया है।
उन्होंने देश को बताया कि देश की अस्मिता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने में झारखंड के सपूत पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के ऐसे ही जांबाज सपूतों के कारण देश के अंदर और सीमा पर शांति कायम है। कैप्टन करमजीत सिंह के बलिदान का देश और राज्य सदैव ऋणी रहेगा,उन्होंने जिस उद्देश्य के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है उस उद्देश्य की पूर्ति हेतु भारत की जनमानस हमेशा खड़ी रहेगी। देश की एकता अखंडता को बनाए रखने के लिए उनके सपनों के अनुसार भारत की जनता एक साथ खड़ी है।