अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली की सियासत में बड़ा कदम उठाते हुए महिला समृद्धि योजना की लॉन्चिंग कर दी गई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इस महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया, जिससे दिल्ली की 20 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी।

कैबिनेट ने दी थी मंजूरी, 5100 करोड़ की स्वीकृति
इस योजना को लागू करने के लिए शनिवार सुबह ही दिल्ली कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई थी। योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है। कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने कहा कि “मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी टीम को बधाई देता हूं कि वे इस क्रांतिकारी योजना को लागू कर रही हैं। यह महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”
दिल्ली में महिला सशक्तिकरण की नई लहर
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घोषणा की कि आज से ही योजना के लिए पंजीकरण शुरू होगा, और जल्द ही लाभार्थियों तक राशि पहुंचाई जाएगी। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने इस योजना का वादा किया था, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।