बिहार विधान परिषद में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच जमकर हुई बहस और नोंक-झोंक पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के दिन अब लद गए हैं। नीतीश कुमार को कुटिया में चले जाना चाहिए और वहां प्रवचन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। मंत्री का सर चकराते हैं, महिला मंत्री पर इशारा करते हैं, यह क्या बताता है उनकी स्थिति बिल्कुल ठीक नहीं है और मैं तो बोल रहा हूं कि तत्काल उनको त्यागपत्र दे देना चाहिए। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि पूरे मामले में यह देखा जा रहा है कि नीतीश कुमार की वर्तमान स्थिति बिल्कुल ठीक नहीं है और जिस तरीके से उनका व्यवहार है तो निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री पद पर बने रहने लायक नहीं हैं। उनको तुरंत इस्तीफा देकर यहां से निकल जाना चाहिए क्योंकि 14 करोड़ की जनता के भविष्य का सवाल है।
नीतीश कुमार के उस बयान पर भी तेजस्वी ने हमला बोला जिसमें सीएम ने कहा था कि उन्होंने लालू यादव को मुख्यमंत्री बनाया था। तेजस्वी ने कहा कि लालू जी से उनकी तुलना नहीं हो सकती। लालू जी ने कई लोगों को प्रधानमंत्री तक बनाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार को तो तेजस्वी ने ही दो बार मुख्यमंत्री बनाया है।
होली और जुमे की नमाज को लेकर हो रही सियासी बयानबाजी पर तेजस्वी ने कहा कि हमें मिलकर त्योहार मनाना चाहिए। ये सबों का देश है जिसके लिए सबने कुर्बानी दी थी। गंगा जमुनी तहजीब वाला यह देश है। इसमें ऐसी बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। खुशियां मिलकर बांटें तो यह बढ़ती है।