बिहार विधान परिषद के अंदर सीएम नीतीश कुमार और पूर्व सीएम राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस हो गई। यह बहस शिक्षकों के वेतन भुगतान और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर शुरू हुई। नीतीश कुमार ने राजद के शासनकाल पर निशाना साधा, जबकि राबड़ी देवी ने नीतीश सरकार पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। विपक्ष के हंगामे के बीच सभापति को हस्तक्षेप करना पड़ा। जिसके बाद आरजेडी के सदस्यों ने वॉक आउट कर दिया।
राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को कहा भंगेड़ी.. बोली- भांग पीकर आते हैं अंट शंट बोलते हैं
सदन के अंदर क्या हुआ?
राबड़ी देवी ने सदन में नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि फाइल उठाकर देखिए कि आपके घर के लोग 2005 से पहले कपड़े नहीं पहनते थे। इस पर नीतीश ने तंज कसते हुए कहा कि इनके पति (लालू यादव) हट गए तो पत्नी को बना (सीएम) दिए। यही सब होता है। कोई काम हुआ है? जिस आदमी को हम बनाए और 3 साल के बाद वह गड़बड़ करने लगे। इसीलिए हम उन्हें छोड़ करके अलग किया।’

इसके बाद राबड़ी देवी ने कहा कि यहां महिलाओं का अपमान किया जाता है। ये हमेशा महिलाओं का अपमान करते हैं। इस पर नीतीश ने कहा कि हमने महिलाओं के लिए काफी काम किए। नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी के शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि उस समय महिलाओं की स्थिति अच्छी नहीं थी। उन्होंने अपनी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। नीतीश कुमार के इस बयान पर विपक्षी सदस्य भड़क गए और हंगामा करने लगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘पहले क्या होता था? महिलाओं की क्या स्थिति थी? महिलाएं कितनी पढ़ी-लिखी थीं? हमने महिलाओं के लिए काफी काम किया है।’ नीतीश कुमार के इस बयान पर राबड़ी देवी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग नीतीश कुमार के कान भरते हैं जिसके बाद वह महिलाओं का अपमान करते हैं। ये महिला का लगातार अपमान कर रहे हैं।’