RJD सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अपने अंदाज के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन इसबार होली में तेजप्रताप यादव विवाद में घिर गए हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंनें वर्दीधारी अंगरक्षक से चुटकी लेते हुए उसे होली के गाने पर डांस करवाया। इसका वीडियो वायरल हुआ तो यह मुद्दा बन गया। तेज प्रताप यादव के निर्देश का पालन करते देखे गए कांस्टेबल दीपक कुमार (अंगरक्षक) को हटा दिया गया है और उनकी जगह दूसरे सिपाही को अंगरक्षक में प्रतिनियुक्त किया गया है। ये जानकारी पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से सामने आई है। डांस करने वाले पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर भी किया गया है।
बुरा न मानो होली है… सिपाही से ठुमका लगवाकर घिरे तेज प्रताप, BJP-RSS और ‘गोदी मीडिया’ पर किया पलटवार
कांस्टेबल पर कार्रवाई होने के बाद अब राजद नेताओं ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। और केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान का वीडियो वायरल होने लगा। हालांकि यह वीडियो इसी साल के होली की है या पिछले किसी साल की, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने चिराग चिराग पासवान का एक वीडियो जिसमें वह कुछ सुरक्षाकर्मियों के साथ होली पर डांस कर रहे हैं, उसे शेयर किया है। साथ में लिखा है कि खुद को मोदी जी का हनुमान बताने वाले इस शख्स के साथ जम कर ठुमके लगा रहे सुरक्षा-कर्मियों को भी सस्पेंड किया जाएगा क्या ? .. अजब दस्तूर, विरोधाभासी चरित्र है भाजपा , उसके गठबंधन के साथियों और भाजपा की पोसुआ मीडिया का ” खुद ( अपने) करें तो रासलीला और दूसरों के करने पर लाल – पीला !!”

वहीं राजद के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि होली को लेकर बिहार में भीषण संघर्ष हुआ है। कई जगह पर गोलियां चली है। बिहार में अपराध बढ़ रहा है। इन सब खबरों से मीडिया को कोई मतलब नहीं है। गोपाल मंडल सरेआम लड़कियों के साथ नाचते हैं। यह खबर मीडिया नहीं दिखता है. चिराग पासवान का बॉडीगार्ड डांस करता है। यह खबर मीडिया नहीं दिखता है, लेकिन तेज प्रताप ने जब होली मिलन के अवसर पर कुछ कह दिया और यह भी कहा कि बुरा ना मानो होली है। उसके बावजूद मीडिया का एक वर्ग है, जो कहीं ना कहीं राष्ट्रीय जनता दल को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।

बिहार की जनता देख रही है कि यह गोदी मीडिया क्या कुछ कर रहा है। इसीलिए इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है, जो लोग भाजपा के साथ हैं, वैसे लोगों के खबर को नहीं चलाना। बिहार में होली के अवसर पर खून की होली खेली गई। कई लोग मारे गए हैं। इन सब खबरों को नहीं दिखाना। यह इनकी आदत है। सिर्फ और सिर्फ राजद के नेताओं की खबर को गलत तरीके से दिखाने का काम जो लोग कर रहे हैं। जनता वैसे लोगों को जवाब देने का काम करेगी।