भाजपा के 45वें स्थापना दिवस के मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के संघर्ष और सफलता पर बात की। उन्होंने कहा, “आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है, और यह दिन हमारे कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का दिन है। भाजपा ने विपरीत परिस्थितियों में अपने लंबे संघर्ष के सफर को तय किया है, और आज यह देश की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है।”
विजय सिन्हा ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और उनकी पार्टी संविधान का अपमान करती है, उनका डीएनए संविधान के प्रति इज्जत का नहीं है। यदि वे संविधान का सम्मान करना चाहते हैं, तो पहले अपनी विदेशी मानसिकता को त्याग कर भारतीयता और सनातन संस्कृति को अपनाएं। तभी वे संविधान का असली सम्मान कर पाएंगे।”
BJP सांसद ने बता दी वक्फ़ बोर्ड के जमीनों की सच्चाई.. तेजस्वी यादव को जमकर सुनाया
वहीं सम्राट चौधरी ने भाजपा के 45वें स्थापना दिवस पर कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी अपने 45 साल पूरे कर चुकी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी, और लाल कृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में जो सपना देखा गया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में पूरा किया जा रहा है। हम एक श्रेष्ठ और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।”
7 अप्रैल को राहुल गांधी के बिहार दौरे पर सम्राट चौधरी ने कहा, “राहुल गांधी का बिहार दौरा कांग्रेस पार्टी के लिए और भी बड़ी करारी शिकस्त का कारण बनेगा। उनका ट्रैक रिकॉर्ड साफ है, जहां-जहां वह गए हैं, वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है।”
वहीं, वक्फ संशोधन बिल को कचरे के डब्बे में फेंकने के सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को इस बिल के बारे में सही जानकारी नहीं है। यह बिल लोकसभा से पास हो चुका है, ना कि विधानसभा से।” उन्होंने यह भी कहा कि लालू यादव के परिवार को समझना होगा कि यह पशुपालन का घोटाला नहीं है और तेजस्वी यादव को इस मामले में ज्ञान की जरूरत है, जो उनके पिता लालू यादव भी नहीं दे पाए।