उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा द्वारा यह कहे जाने पर कि तेजस्वी यादव के मंत्री रहने के दौरान गड़बड़ी हुई है। इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि गड़बड़ी हुई है ठीक कर दें. उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री को दिमाग नहीं है बिना हाथ पैर का बात बोलते हैं। उन्होंने कहा मैंने जो कल सवाल उठाया उसका कोई जवाब नहीं मिला। मैंने कहा कि टेंडर घोटाला हो रहा है। सरकारी पैसे से पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। उस पर अभी तक कोई जवाब नहीं आया।
उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। अंचलाधिकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सभी लोगों का अलग-अलग भ्रष्टाचार कर रहे हैं, इस पर कोई जवाब नहीं आया और आप हमको कटघरे में डाल रहे हैं, हम ही को गाली दे रहे। आपकी एजेंसी क्या कर रही है। अगर कहीं भी छापेमारी हो रही है तो करोड़ों रुपए मिल रहा है। एजेंसी पूरे मामले में मामला दर्ज करके कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। सवाल पूछने से इन लोगों को मिर्ची लगती है। और यह लोग उल्टे तेजस्वी यादव से सवाल पूछते हैं।
वहीं सुप्रीम कोर्ट पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दिए गए बयान पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पर ऐसी टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति इस तरह की टिप्पणियां करता है, तो उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की जानी चाहिए।