बिहार में क्राइम आउट ऑफ़ कंट्रोल (Crime In Bihar) है। चुनावी साल में अपराध की एक-एक घटना पर विपक्ष की नज़र है। आरा के भोजपुर में बीती (रविवार) रात बारात के दौरान मामूली विवाद में फायरिंग हो गई। इस घटना में कुल सात लोगों को गोली लगी है। इनमें से दो की मौत हो गई है। पांच लोग घायल हैं जिसमें से दो की हालत गंभीर है। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव की है।

इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है। सोमवार (21 अप्रैल, 2025) की सुबह एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भोजपुर में भीषण खूनी संग्राम! 7 लोगों को मारी गोली। 2 युवकों की मौत, 5 घायल, 2 की हालत गंभीर! बिहार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त! सरकार का इकबाल खत्म! दो-दो नकारा उपमुख्यमंत्री दोनों पक्षों की जातियां खोजने में लगे!”

क्या है पूरा मामला?
बताया जाता है कि लहरपा गांव निवासी कमलेश सिंह के घर रविवार की रात काउप गांव से बारात आई थी। बारात दरवाजे पर पहुंचने वाली थी लेकिन अधिक भीड़ के कारण रास्ते पर जाम लगा गया था। इसी दौरान थार पर सवार लोगों से गांव के कुछ की भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते बात गोलीबारी तक पहुंच गई। घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार, भोजपुर एसपी राज, डीएसपी अब्बू सैफी मुर्तजा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
सम्राट चौधरी के बाद अब चिराग पासवान को सीएम बनाने की उठने लगी मांग..
मृतकों में लहरपा गांव निवासी संजय कुमार सिंह का बेटा राहुल कुमार (24 साल) और सुरेश सिंह का बेटा लव कुश (23 साल) कुमार शामिल है। घायलों में अप्पू कुमार, पंकज कुमार, प्रमोद कुमार सिंह का 5 वर्षीय बेटा आर्यन, राम लड्डू सिंह का 9 वर्षीय पुत्र लव कुश और एक 73 वर्षीय बुजुर्ग अक्षय सिंह शामिल हैं। सबको आरा सदर अस्पताल और आरा के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बुजुर्ग व्यक्ति लड़की पक्ष का रिश्तेदार बताया जा रहा है। मृतक दोनों युवक और घायल अन्य लोग गांव के ही हैं।