पटना के विद्यापति भवन में बाबू वीर कुंवर सिंह का विजयोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। सारण विकास मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राजद नेता तेजस्वी यादव मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरता और महानता बताने की जरूरत नहीं। उनकी सेना में हर धर्म-जाति के लोग थे, जो साथ मिलकर अंग्रेजों से लड़े। वो संगीत प्रेमी थे, तबला बजाते थे और दुश्मनों की भी बजाते थे। हम नये पीढ़ी के लोगों को उन्होंने जो सीख दी वह अपनाने की जरूरत है। अस्सी साल की उम्र में अपने लोगों के लिए देश के लिए जो उन्होंने बलिदान दिया, साहस दिखाया उसी को याद करने के लिए हम आज विजयोत्सव दिवस मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार 2015 में राघोपुर की जनता ने हमको मौका दिया। दो बार जिताया। आप राघोपुर की जनता से पूछ लीजिए हम जोड़ने का काम करते हैं, तोड़ते नहीं। अभी हम 36 साल के हैं, जब तक बाल नहीं पक जाता राजनीति करेंगे और सबको साथ लेकर चलेगे। पांच साल काम करने का मौक़ा हमको नहीं मिला। जब चाचा की पार्टी टूट रही थी हम लोग मदद किये। सरकार बनी, हम उप मुख्यमंत्री बने तो सबसे पहले नौकरी देने की बात किये। सब लोग बोलने लगे कैसे होगा। पद खाली है, बजट में प्रावधान है फिर भी नहीं देते थे नौकरी।
हम एक दिन में पांच लाख लोगों को नौकरी दिए गांधी मैदान में। कोई भी सरकार इतनी बड़ी संख्या में आज तक नौकरी नहीं दी है और भी बहुत सारे काम किये। खिलाड़ियों को भी नौकरी दी खेल नीति लाकर। बिहार में असल मुद्दा गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, पलायन है। लालू जी कभी किसी सरकार से तुलना नहीं करते थे। आज कोई अपराध होता है तो पहले का गिनती करवाते हैं। बीस साल हो गया, आज के नौजवानों को आज की चिंता है। बीस साल पहले क्या हुआ वह क्यों जाने। युवाओं की असल चिंता पढ़ाई, दवाई, सिंचाई की है।
ये लोग सृजन घोटाला, बालिका गृह की बात नहीं करते। हम नौजवान हैं, हमें बेरोजगारों की चिंता है, जो दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। हमको मौक़ा मिला तो हम सब सही करेंगे। हमें भरोसा है खटारा सरकार बदलेगी। अब गरीबों की सरकार बनेगी। आज के सरकार का कोई विजन नहीं है। नीति आयोग की रिपोर्ट देख लीजिए, सबसे ज्यादा बेरोजगारी, गरीबी, पलायन सब बिहार में है। हम 50 करोड़ का निवेश पटना में लाए। सीएम बाहर जाते हैं, उद्योग और निवेश की बात करते हैं, लेकिन हमारे सीएम क्या कर रहे। हम अपनी बात ,जनता की बात कर रहे। नेता प्रतिपक्ष का काम कर रहे। बिहार युवा प्रदेश है। और चला रहे हमारे चाचा जो कहते हैं मोबाइल से दुनिया खत्म हो जाएगी।
लालू यादव ने रेल कारखाना दिया, तेजस्वी ने युवाओं को नौकरी : शैलेन्द्र प्रताप सिंह
तेजस्वी यादव ने कहा कि 2020 हमको हर धर्म जाती का वोट मिला। प्रचार के दौरान हमारे वीडियो को कट कर भ्रम फैलाया गया। भाजपा के लोग यही काम करते हैं। झूठ फैला दिए कि हम बाबू सहाब लोग को टाईट करने की बात कर रहे। जबकि हम घूसखोरी करने वाले बाबू की बात कर रहे थे। लेकिन फिर भी लोगों ने हमें वोट दिया, सबका प्यार मिला। हम नौकरी दिए, काम किये। हम लोग अहिंसक हैं। सबको साथ लेकर चलते हैं। बिहार के विकास की बात करते हैं। नए सरकार में नया ब्रांड का बीज बोइये, ताकि नए फसल आए। बिहार का अच्छा भविष्य बने। खटारा सरकार की गाड़ी बदल दीजिए। हमको मौक़ा दीजिए, अच्छा नहीं करेंगे तो हमको भी बदल दीजियेगा। तेजस्वी यादव ने इस दौरान यह भी कहा कि हम दो दो मुख्यमंत्री के बेटे हैं, खुद भी दो बार उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं।