लखनऊ: उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने बुधवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) के आतंकी मंगत सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया है। मंगत सिंह पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। यह गिरफ्तारी नोएडा यूनिट और गाजियाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। मंगत सिंह लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ 1993 में एक FIR दर्ज की गई थी। उस पर हत्या का प्रयास, आतंकवादी और विघटनकारी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (TADA), और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आरोप हैं। 1993 में गिरफ्तारी के बाद उसे 1995 में जमानत मिल गई थी, लेकिन इसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, मंगत सिंह लूट और उगाही के एक अलग मामले में भी वांछित था। मंगत सिंह का भाई संगत सिंह, जो खालिस्तान कमांडो फोर्स का प्रमुख था, 1990 में पंजाब पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में मारा गया था। KCF एक सिख खालिस्तानी उग्रवादी संगठन है, जो सशस्त्र संघर्ष के जरिए पंजाब में एक स्वतंत्र सिख राज्य ‘खालिस्तान’ की स्थापना करना चाहता है। इस संगठन ने 1995 में पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या सहित कई आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया है। KCF पर लूट, बैंक डकैती, उगाही और पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों के जरिए अपनी गतिविधियों को फंड करने का भी आरोप है। उत्तर प्रदेश ATS के अनुसार, मंगत सिंह को पंजाब के अमृतसर के एक गांव से पकड़ा गया। इस कार्रवाई में सहिबाबाद पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंगत सिंह की गिरफ्तारी को आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है, और पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
