आईपीएल 2025 का 43वां मुकाबला बीते कल (25 अप्रैल) चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। जहां एसआरएच की टीम आठ गेंद शेष रहते पांच विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही। मैच के हीरो ऑलराउंडर खिलाड़ी हर्षल पटेल रहे। जिन्होंने अपनी टीम के लिए चार ओवरों की गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। जिसमें एक विकेट चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का था।
धोनी का विकेट लेते ही मैच के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। वह आईपीएल में धोनी को सर्वाधिक बार आउट करने वाले संयुक्त रूप से तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। पहले स्थान पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान का नाम आता है। जिन्होंने धोनी को सर्वाधिक सात बात पवेलियन का रास्ता दिखाया है। उसके बाद दूसरे स्थान पर प्रज्ञान ओझा काबिज हैं।
पूर्व भारतीय स्पिनर ने माही को छह बार अपने जाल में फंसाया है। इन दोनों दिग्गजों के बाद तीसरे स्थान पर अब हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह का नाम संयुक्त रूप से आता है। इन दोनों भारतीय तेज गेंदबाजों ने धोनी को खबर लिखे जाने तक क्रमशः चार-चार बार अपना शिकार बनाया है।
आईपीएल में धोनी को सर्वाधिक बार आउट करने वाले खिलाड़ी
7 – जहीर खान (भारत)
6 – प्रज्ञान ओझा (भारत)
4 – हर्षल पटेल (भारत)
4 – जसप्रीत बुमराह (भारत)