नई दिल्ली – भारत सरकार ने चीन के सरकारी मीडिया ‘ग्लोबल टाइम्स’ और तुर्की के ‘TRT वर्ल्ड’ के X अकाउंट्स को देश में ब्लॉक कर दिया है। सरकार का आरोप है कि ये मीडिया संस्थान भारतीय सशस्त्र बलों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी असत्यापित और भ्रामक जानकारी फैला रहे थे। यह कदम भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के बारे मे गलत सूचनाओं को फैलाने के कारण उठाया गया है।
‘ग्लोबल टाइम्स’ को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का मुखपत्र माना जाता है, जबकि ‘TRT वर्ल्ड’ तुर्की का सरकारी प्रसारक है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन दोनों अकाउंट्स द्वारा साझा की गई सामग्री में भारतीय सेना के खिलाफ झूठे दावे और भ्रामक सूचनाएं शामिल थीं, जो देश की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती थीं।
इससे पहले, भारत सरकार ने पाकिस्तान द्वारा भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने के लिए तुर्की निर्मित ड्रोन के उपयोग की पुष्टि के बाद ‘TRT वर्ल्ड’ के खिलाफ कार्रवाई की थी। यह कदम भारत की बढ़ती डिजिटल सतर्कता और विदेशी प्रचार के खिलाफ कड़े रुख को दर्शाता है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक हितों की रक्षा के लिए गलत सूचना और प्रचार के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी। यह निर्णय भारत की डिजिटल संप्रभुता को बनाए रखने और विदेशी मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे दुष्प्रचार को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारत का यह कदम डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने की दिशा में एक सख्त संदेश है। यह कार्रवाई दर्शाती है कि भारत अपनी डिजिटल सीमाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और विदेशी प्रचार के खिलाफ कठोर रुख अपनाने को तैयार है l