अमेरिका : अमेरिका के टेक्सास में दो पाकिस्तानी मूल के व्यक्तियों, अब्दुल हादी मुर्शिद (39) और मोहम्मद सलमान नासिर (35), को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर वीजा धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध इमिग्रेशन कराने का आरोप है। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने बताया कि ये लोग “रिलायबल वेंचर्स” नामक फर्जी कंपनी के जरिए यह रैकेट चला रहे थे।
आरोप है कि दोनों फर्जी नौकरी के विज्ञापन अखबारों में प्रकाशित करते थे, जिसके जरिए वे अमेरिकी सरकार से मंजूरी लेते थे। इसके बाद EB-2, EB-3 और H-1B वीजा सिस्टम का दुरुपयोग कर विदेशियों को अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश कराते थे। वे वीजा चाहने वालों से पैसे लेते थे और कुछ हिस्सा उन्हें “सैलरी” के रूप में वापस देते थे।
मुर्शिद पर यह भी आरोप है कि उसने फर्जी तरीके से अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी। अगर दोषी पाए गए, तो दोनों को 20 साल तक की जेल हो सकती है और मुर्शिद की नागरिकता भी रद्द हो सकती है। दोनों को 23 मई, 2025 को कोर्ट में पेश किया गया, और अगली सुनवाई 30 मई को होगी।
यह मामला अमेरिका में बढ़ते इमिग्रेशन फ्रॉड के खिलाफ सख्त कार्रवाई का हिस्सा है। हाल ही में ICE ने भी मार्च 2025 में एक पाकिस्तानी नागरिक, सैयद रिजवी, को वीजा ओवरस्टे और राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर देश से निकाला था।