नई दिल्ली– टेस्ला प्रमुख एलन मस्क के पिता और जाने-माने व्यवसायी एरल मस्क ने भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने भारत को “सोया हुआ दानव(Giant)” करार देते हुए कहा कि अब यह देश तेजी से उभर रहा है और जल्द ही विश्व की तीसरी या चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
एरल मस्क ने कहा, “भारत एक सोया हुआ दानव (Giant) है, इसमें कोई संदेह नहीं है… अब भारत की जीडीपी दुनिया में तीसरी या चौथी सबसे ऊंची होने वाली है, यह अविश्वसनीय है। यह अंततः एक विश्व शक्ति बन जाएगा।”
भारत की आर्थिक छलांग:
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अनुसार, भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 2025 में लगभग 4.19 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे वह जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। IMF ने भारत की आर्थिक विकास दर 2024-25 और 2025-26 के लिए क्रमशः 6.2% और 6.3% रहने की भविष्यवाणी की है।
भारतीयों के स्वभाव की सराहना:
एरल मस्क ने भारतीयों की संस्कृति और व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि “भारतीय लोग बहुत प्यार करने वाले होते हैं, आक्रामक या कटु नहीं, बल्कि गले लगाने वाले लोग हैं। ऐसे लोग जो एक सकारात्मक वैश्विक शक्ति के रूप में सामने आएं – यही आज की दुनिया को चाहिए l”
विश्व मंच पर भारत का उभार:
एरल मस्क के विचार भारत की वैश्विक भूमिका को उजागर करते हैं – एक ऐसा राष्ट्र जो तकनीक, व्यापार, और कूटनीति के ज़रिए वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति को सशक्त कर रहा है।
भारत की आर्थिक यात्रा अब केवल विकास की कहानी नहीं रही, यह एक वैश्विक जागृति का संकेत है। एरल मस्क का बयान न केवल भविष्य की आर्थिक संभावनाओं को रेखांकित करता है, बल्कि भारत के सांस्कृतिक सौहार्द और वैश्विक सहभागिता की ताकत को भी सामने लाता है।