राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के युवा नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के दिव्यांग समुदाय के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो हर पंचायत में एक दिव्यांग मित्र (Divyang Mitra) की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने दिव्यांगों के लिए 15 बड़े वादे किए, जिनमें आरक्षण, बढ़ती पेंशन और सरकारी नौकरियों में भर्ती शामिल है।
दिव्यांगों के लिए 15 प्रमुख घोषणाएं
तेजस्वी यादव ने राज्यव्यापी दिव्यांग अधिकार सम्मेलन में अपने भाषण के दौरान कहा कि भाजपा सरकार ने 20 साल तक दिव्यांगों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन RJD सरकार उन्हें सशक्त बनाएगी। उन्होंने दिव्यांगों के लिए निम्नलिखित योजनाओं की घोषणा की:
- दिव्यांग विभाग एवं आयोग का गठन – अलग से दिव्यांग कल्याण मंत्रालय बनाया जाएगा।
- पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव में आरक्षण – दिव्यांगों को स्थानीय चुनावों में आरक्षण मिलेगा।
- राज्य सलाहकार समिति का गठन – दिव्यांग नीतियों पर सलाह देने के लिए एक समिति बनेगी।
- दिव्यांग अधिकार अधिनियम का पूर्ण क्रियान्वयन – कानून को पूरी तरह लागू किया जाएगा।
- सरकारी नौकरियों में रिक्त पदों की भर्ती – 100 दिनों के अंदर सभी खाली पद भरे जाएंगे।
- हर पंचायत में दिव्यांग मित्र – ग्रामीण स्तर पर दिव्यांगों की सहायता के लिए एक प्रतिनिधि होगा।
- आवास योजना में 5% आरक्षण – दिव्यांगों को घर बनाने के लिए विशेष आवंटन।
- पेंशन ₹1500 से शुरू, हर साल ₹200 की वृद्धि – 5 साल में पेंशन ₹2500 हो जाएगी।
- महिला दिव्यांगों को बहन मान योजना का लाभ – गरीब महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह सहायता।
- तकनीकी सहायता – दिव्यांगों को आधुनिक टेक्नोलॉजी से जोड़ा जाएगा।
“हमने जो कहा, वो किया” – तेजस्वी यादव
तेजस्वी ने कहा कि हमने वादा किया था कि 10 लाख नौकरियां देंगे, तो 17 महीने में 5 लाख लोगों को रोजगार दिया। 4 लाख नियोजित शिक्षकों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया। हम अपने वादों पर खरे उतरे हैं। उन्होंने दिव्यांगों से कहा कि आप अलग हैं, लेकिन किसी से कम नहीं। जो आपको कमतर बताता है, उसकी सोच में दम नहीं। हम आपको पंख देंगे, ताकि आप ऊंची उड़ान भर सकें।