Bihar Election 2025: 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने एक अहम बैठक बुलाई है। 14 जुलाई को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बिहार कांग्रेस के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महागठबंधन के तहत सीट बंटवारे की रणनीति और चुनावी कैंपेन प्लान पर मंथन करना है।
कांग्रेस के सभी बड़े नेता होंगे शामिल
बैठक में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मौजूदगी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्ण अल्लावरु, बिहार से पार्टी के सभी सांसद और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
महागठबंधन की चुनौतियां
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब बिहार में महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आए हैं। 12 जुलाई को पटना में हुई महागठबंधन की बैठक में आरजेडी, लेफ्ट पार्टियों और कांग्रेस के बीच प्रारंभिक चर्चा हुई थी। अब कांग्रेस का लक्ष्य अपने आंतरिक मतभेदों को दूर करके एनडीए के खिलाफ एकजुट मोर्चा पेश करना है।






















