Bihar News: सावन महीने की पहली सोमवारी पर बिहार के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आस्था और कर्तव्य का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। अपर पुलिस महानिदेशक (राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो) सुधांशु कुमार ने सपरिवार कांवर यात्रा में भाग लेकर शिवभक्ति में डूबे हुए नजर आए। यह दृश्य तब और भी खास हो गया जब उनके साथ बेलहर के एसडीपीओ राजकिशोर कुमार सहित कई थानाध्यक्ष भी पैदल यात्रा करते दिखाई दिए।
धौरी से अबरखा तक की पैदल यात्रा
ADG सुधांशु कुमार ने धौरी से अपनी यात्रा शुरू कर सरकारी धर्मशाला अबरखा तक का सफर तय किया। इस दौरान उनके साथ बेलहर थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, कटोरिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय और सुईया थानाध्यक्ष विशाल कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस जवानों की एक बड़ी टीम ने एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था संभाली, वहीं दूसरी ओर वे खुद भी शिवभक्ति में लीन नजर आए।
इस यात्रा ने स्थानीय श्रद्धालुओं के मन में विशेष उत्साह भर दिया। अबरखा धर्मशाला पहुंचने पर ADG का भव्य स्वागत किया गया।